फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर: श्यामपुर में पुलिस-खाद्य विभाग का प्रहार, 42 क्विंटल संदिग्ध मावा जब्त; भिंड से भोपाल जा रही थी खेप

Wed, 04 Nov 2026 07:21 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयशर वाहन से करीब 42 क्विंटल मावा जब्त किया है। 107 बोरियों में भरकर ले जाया जा रहा यह मावा भिंड के दुलारपुरा से भोपाल पहुंचाया जा रहा था। भारी मात्रा में मावे की खेप पकड़े जाने के बाद खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मावे के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी, आयशर वाहन को रोका 
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में मावा परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। मुखबिर की जानकारी के आधार पर संदिग्ध आयशर वाहन को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में मावे की भारी खेप मिलने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए माल को अपने कब्जे में ले लिया।

ये भी पढ़ें- सिंधिया राजघराने का विवाद: 41 हजार करोड़ की संपत्ति का मामला फिर उलझा, प्रतिमा राणा के नहीं आने से टली सुनवाई

107 बोरियों में मिला करीब 42 क्विंटल मावा
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी दीपाली कांगे के अनुसार, पकड़े गए आयशर वाहन का पंजीयन क्रमांक MP 04 YB 6936 है। वाहन की तलाशी में कुल 107 बोरियां बरामद हुईं। प्रत्येक बोरी में लगभग 40 किलोग्राम मावा भरा हुआ था। इस हिसाब से कुल खेप करीब 42 क्विंटल बताई जा रही है। वाहन चालक की पहचान सत्यभान सिंह के रूप में हुई है। मामले में संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।

भिंड से भोपाल जा रहा था माल, दस्तावेजों को लेकर सवाल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मावा भिंड जिले के डोलारपुरा से लोड किया गया था और इसे भोपाल पहुंचाया जाना था। खाद्य विभाग के मुताबिक, माल की आपूर्ति और अंतिम डिलीवरी स्थल को लेकर स्पष्ट एवं पुख्ता दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। चालक से परिवहन, आपूर्ति और संबंधित कारोबार के बारे में जानकारी ली जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थों के परिवहन के दौरान दस्तावेजों और आपूर्ति व्यवस्था की जांच अब महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

गुणवत्ता सामान्य दिखी, फिर भी संदेह के आधार पर सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर मावे की प्रारंभिक जांच की। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में गुणवत्ता सामान्य प्रतीत हुई, लेकिन एहतियात और संदेह के आधार पर नमूने एकत्रित किए गए हैं। इन नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। मावे की गुणवत्ता, शुद्धता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

खराब होने से बचाने को कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखी खेप
खाद्य अधिकारी दीपाली कांगे के अनुसार, मावे के खराब होने की आशंका को देखते हुए पूरी खेप को फिलहाल सुपुर्दगी में लेकर स्थानीय कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाया गया है। विभाग जांच रिपोर्ट जल्द प्राप्त करने की प्रक्रिया में जुटा है। रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें