फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री यादव: मंदाकिनी तट पर किया दीपदान, ओरछा और चित्रकूट को जोड़कर बनेगा वनवासी राम लोक

Sat, 07 Nov 2026 09:47 PM IST
सतना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर प्रभु श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां मंदाकिनी के तट पर दीपदान कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और सम्मान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने तुलसीदास जी के प्रसिद्ध प्रसंग का स्मरण करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास काल के 11 वर्ष चित्रकूट में बिताए थे। उनके आगमन से यह पावन भूमि धन्य हुई और आज भी यह क्षेत्र उनकी स्मृतियों से ओत-प्रोत है। वनवासी राम लोक का होगा निर्माण
चित्रकूट दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने की बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत कामतानाथ परिक्रमा मार्ग, गुप्त गोदावरी सहित सभी प्रमुख तीर्थस्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओरछा के राजा राम और चित्रकूट के धाम को जोड़ते हुए वनवासी राम लोक का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में लगभग दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। ग्रामीणों को संपत्ति का मालिकाना हक देना ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि धनतेरस पर उनकी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और नागरिकों को उनकी संपत्ति का पूर्ण अधिकार देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रदेशभर में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बने मकानों के रजिस्ट्रीकरण का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 17 लाख 95 हजार से अधिक ग्रामीणों की रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य इस आंकड़े को 50 लाख से अधिक तक पहुंचाना है। इस पूरी प्रक्रिया पर लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का खर्च सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संपत्ति की रजिस्ट्री होने से ग्रामीण अपनी संपत्ति के आधार पर नया व्यवसाय शुरू कर सकेंगे, बैंक से कर्ज ले सकेंगे और परिवार के सदस्यों को कानूनी रूप से संपत्ति का अधिकार हस्तांतरित कर सकेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामित्व योजना के तहत पहले पटवारी रिकॉर्ड में नाम दर्ज किए गए थे। अब राज्य सरकार उन रिकॉर्ड को रजिस्ट्री का रूप दे रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। गौशालाओं में अब 40 रुपये मिलेगी सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी गोवर्धन पूजा के अवसर पर पशुपालन और गौवंश संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गौशालाओं में प्रति गौ माता मिलने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा देशी नस्ल के गोपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 'गोपाल कृष्ण पुरस्कार' योजना शुरू की गई है। इसके तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध उत्पादन में वर्तमान में देश में तीसरे स्थान पर रहने वाले मध्य प्रदेश को पहले स्थान पर पहुंचाना और प्रदेश को देश की दुग्ध राजधानी के रूप में स्थापित करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों और विंध्य क्षेत्र के लोगों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें