मोहनलालगंज कस्बे में गुप्ता ढाबा के पीछे स्थित पेप्सी एजेंसी संचालक उमाकांत पाठक के बंद घर को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बनाया। चोर घर के पीछे की बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर घुसे और दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और कमरे में रखी आलमारी तोड़कर उसमें रखें 80 हजार रुपये की नकदी और करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। उमाकांत पाठक के मुताबिक, वह बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे घर में ताला बंद करके अपनी एजेंसी पर चले गए थे। उनकी बेटी सौम्या भी कॉलेज गई हुई थी। दोपहर करीब चार बजे वह एजेंसी से घर लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और नकदी व जेवरात गायब थे। दिनदहाड़े चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया। मोहनलालगंज कस्बा चौकी प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।