हजरतगंज स्थित महिला थाने में शनिवार सुबह भारतीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं पहुंचेंगी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बेटियों की जागरूकता के लिए ‘दोस्त पुलिस’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा, कानून और अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस से संवाद करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। महिला पुलिसकर्मी छात्राओं से बातचीत कर उनकी जिज्ञासाओं और सवालों का जवाब देंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उन्हें सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।