उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की रक्षा करना हर नागरिक और कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह समय स्वागत या सम्मान समारोह का नहीं, बल्कि संघर्ष का है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक बलिदानों और संघर्षों से भरा रहा है। पार्टी के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह इस परंपरा को आगे बढ़ाए। अध्यक्ष मोना ने विश्वास दिलाया कि सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और 'इंडिया' गठबंधन के सभी सांसद व कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने संकल्प जताया कि जब तक संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित नहीं होते, यह लड़ाई जारी रहेगी।