राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के पास सड़क पर कूड़ा डाले जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते दिनों कॉलेज में आयोजित कार्यशाला के दौरान छात्रों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज से सड़क किनारे जमा कूड़े को हटवाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह नगर निगम की टीम ने मौके से कूड़ा हटवा दिया था। हालांकि, एक दिन बाद शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे फिर सड़क किनारे कूड़े का ढेर जमा नजर आया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सफाई के बाद दोबारा कूड़ा जमा होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। छात्रों और स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई के साथ सड़क किनारे कूड़ा फेंकने पर रोक लगाई जाए, ताकि यहां बार-बार गंदगी की स्थिति न बने।