लखनऊ विश्वविद्यालय में लगे गोमती पुस्तक मेले में पहुंचे युवाओं ने आयोजन को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उनका कहना है कि एक ही जगह पर इतनी किताबें उपलब्ध होना सार्थक पहल है, हालांकि कुछ पसंदीदा किताबें यहां नहीं मिल पा रही हैं। वहीं, गर्मी और पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने से भी दिक्कत हो रही है। लविवि से पीएचडी कर रहे गौरव ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में पीने के पानी की निशुल्क व्यवस्था होनी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि छोटे स्कूली बच्चों को भी पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है, जबकि गर्मी अधिक होने के कारण पानी की जरूरत लगातार महसूस हो रही है।