दुबग्गा के लालजी टंडन वार्ड में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से पुलिस ने जेहटा-माल मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया है। जरूरी वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति दी जा रही है। पार्षद पति वेद कुमार के मुताबिक, बुधवार देर रात जलस्तर करीब एक फीट और बढ़ा, जिससे हयात नगर गांव के बाहर प्लाटिंग क्षेत्र के मकानों में भी पानी भरने लगा है। फंसे लोगों को नाव के सहारे बाहर निकाला जा रहा है। नगर निगम, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित कर रही हैं।