माल कस्बे में रविवार दोपहर लगभग दो बजे यूको बैंक तिराहे के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार दो बच्चों को रौंद दिया। हादसे में कक्षा पांच के छात्र कुंज (12) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रीत (10) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को ट्रामा सेंटर भेजा है। माल कस्बा निवासी पूनम के मुताबिक उनका बेटा कुंज अपने साथी प्रीत के साथ साइकिल से घर का सामान लेने जा रहा था। यूको बैंक के पास मलिहाबाद की ओर चोकर लादकर जा रही तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में कुंज की मौत हो गई। वह कस्बे के शिव शक्ति सेकेंडरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। पिता दीपक फेरी लगाकर बच्चों के कपड़े बेचते हैं। बेटे की मौत से मां, बड़े भाई आदित्य, अंकुश और बहन शगुन का रो-रोकर बुरा हाल है। सीएचसी चिकित्सक डॉक्टर जकी अहमद ने बताया कि कुंज के सिर में गम्भीर चोट आई।वहीं प्रीत को बाएं हाथ और बाएं पैर में गम्भीर चोट आने की वजह से पिता आशीष और घरवालों के साथ ट्रामा सेंटर रेफर भेजा गया है। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डीसीएम कब्जे में लेकर चालक की तलाश और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।