शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होने जा रहे हैं। लखनऊ में मां दुर्गा की आराधना की तैयारियों को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। कुर्सी रोड पर पूजन सामग्री की दुकानों पर शनिवार को बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे। किसी ने कलश स्थापना के लिए सामग्री खरीदी तो कोई चुनरी, नारियल, रोली, कलावा और धूप-बत्ती लेने में जुटा रहा। नवरात्र को लेकर दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा रखी हैं। बाजार में पूजन सामग्री के साथ माता की चुनरी, फूल-माला, मिट्टी के कलश, दीपक और अन्य जरूरी सामान की दुकानें आकर्षित कर रही हैं। सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। नवरात्र के पहले दिन घरों और मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। इसे लेकर श्रद्धालु पूजन सामग्री जुटाने में लगे हैं। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों को भी कारोबार में तेजी की उम्मीद है।