लखनऊ में लालजी टंडन वार्ड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2.00 बजे डीएम विशाख जी ने निरीक्षण किया। उन्होंने हयातनगर न्यू कॉलोनी में गोमती नदी किनारे पहुंचकर सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद नगर निगम की टीम के साथ प्रभावित परिवारों के घरों तक पहुंचकर भोजन, पानी और दवाइयों के पैकेट वितरित किए। उन्होंने लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखा जाए। जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, पेयजल और दवाइयां समय से पहुंचाई जाएं। साथ ही जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर निगम के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।