श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर को लेकर ऐतिहासिक श्री नरसिंह धाम घगवाल में मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। धाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे परिसर की रौनक बढ़ गई है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि मेले में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की दुकान नहीं लगाई जाएगी। सभी दुकानदारों के लिए आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। जन्माष्टमी के अवसर पर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।