फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेंगे लाखों रुपए! आठवें वेतन आयोग का ये गणित जानते हैं?

Wed, 23 Sep 2026 10:22 PM IST
Adarsh Jha अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़े अपडेट लगातार सामने आ रहे हैं। आयोग अलग-अलग शहरों में कर्मचारी संगठनों और प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों और सुझावों को समझ रहा है। कर्मचारियों की नजर अब इस बात पर है कि आयोग की रिपोर्ट कब आती है और नए वेतन ढांचे में उनकी सैलरी कितनी बढ़ती है। लेकिन इसी बीच एक ऐसा अनुमान सामने आया है, जिसने कर्मचारियों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।

दरअसल, अगर 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने या उसके लागू होने में देरी होती है, तो कर्मचारियों को संभावित तौर पर एरियर का फायदा मिल सकता है। फिटमेंट फैक्टर और देरी की अवधि के आधार पर यह रकम लाखों रुपये तक पहुंच सकती है। कुछ गणनाओं में लेवल-8 के कर्मचारियों के लिए करीब 18 लाख रुपये तक के एरियर का अनुमान लगाया गया है।

अब समझते हैं पूरा गणित।

कर्मचारियों की सैलरी में महंगाई भत्ता यानी DA की अहम भूमिका होती है। DA की गणना बेसिक सैलरी के प्रतिशत के आधार पर होती है। ऐसे में जब नए वेतन आयोग के तहत बेसिक सैलरी में बदलाव होगा, तो DA की रकम पर भी उसका असर पड़ेगा। इसी वजह से अगर नए वेतनमान को लागू करने में कई महीनों की देरी होती है, तो उस अवधि का बकाया कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।

नवंबर 2025 में अधिसूचित शर्तों के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। यानी मौजूदा समयसीमा के हिसाब से आयोग मई 2027 तक अपनी रिपोर्ट सौंप सकता है। हालांकि, अगर आयोग को अतिरिक्त समय की जरूरत होती है, तो वह समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध कर सकता है। पहले भी वेतन आयोगों को रिपोर्ट तैयार करने के लिए अतिरिक्त समय मिलता रहा है।

अब बात करते हैं लेवल-6 के कर्मचारियों की। मौजूदा वेतन ढांचे में लेवल-6 का न्यूनतम बेसिक पे 35,400 रुपये माना जाता है। अगर उदाहरण के तौर पर 2.1 फिटमेंट फैक्टर और 18 महीने की देरी को आधार बनाया जाए, तो दिए गए अनुमान के मुताबिक करीब 7 लाख 920 रुपये का एरियर बन सकता है।

वहीं, अगर फिटमेंट फैक्टर 2.28 हो और 24 महीने का बकाया माना जाए, तो अनुमानित रकम करीब 10 लाख 87 हजार 488 रुपये तक पहुंच सकती है। इसी तरह 2.57 फिटमेंट फैक्टर और 24 महीने की देरी के आधार पर यह रकम करीब 13 लाख 33 हजार 872 रुपये बैठती है।

अब लेवल-8 के कर्मचारियों की बात करें तो यहां एरियर की रकम और ज्यादा हो सकती है। 2.15 फिटमेंट फैक्टर और 24 महीने के बकाये के हिसाब से करीब 13 लाख 13 हजार 760 रुपये का अनुमान है। 2.28 फिटमेंट फैक्टर पर यही रकम करीब 14 लाख 62 हजार 272 रुपये हो सकती है।

और अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है और 24 महीने का बकाया माना जाए, तो अनुमानित एरियर करीब 17 लाख 93 हजार 568 रुपये, यानी लगभग 18 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।

हालांकि, यहां सबसे जरूरी बात यह है कि ये आंकड़े अनुमानित गणनाएं हैं। 8वें वेतन आयोग का अंतिम फिटमेंट फैक्टर, संशोधित वेतनमान, प्रभावी तारीख और एरियर की वास्तविक गणना सरकार और आयोग के अंतिम फैसलों पर निर्भर करेगी। इसलिए फिलहाल करीब 18 लाख रुपये की रकम को तय भुगतान नहीं, बल्कि संभावित एरियर के अनुमान के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

यानी कर्मचारियों के लिए अब सबसे बड़ा सवाल यही है- 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब आएगी, फिटमेंट फैक्टर कितना होगा और नए वेतनमान का लाभ किस तारीख से मिलेगा? इन तीनों सवालों का जवाब ही तय करेगा कि कर्मचारियों की जेब में एरियर के तौर पर कितनी बड़ी रकम आएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें