फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना: गेहूं की बिजाई हुई महंगी, बीज-खाद के बढ़े दामों ने बढ़ाई किसानों की चिंता

गेहूं की बिजाई का सीजन शुरू होते ही किसानों को बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। उपमंडल बंगाणा की उपतहसील जोल क्षेत्र में किसान ट्रैक्टर और बीज ड्रिल मशीन की मदद से खेतों में गेहूं की बुआई करने में जुट गए हैं। लेकिन इस बार बीज, खाद और ट्रैक्टर से बिजाई करवाने का खर्च बढ़ने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों के अनुसार, पिछले साल के मुकाबले इस बार ट्रैक्टर से बुआई करवाने के लिए प्रति घंटा 100 रुपये अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, गेहूं के बीज और खाद की कीमतों में बढ़ोतरी ने खेती का बजट बिगाड़ दिया है। किसानों का कहना है कि लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसल बेचने पर उन्हें अपेक्षित दाम नहीं मिल पाते। ट्रैक्टर मालिक राजेश कुमार ने बताया कि डीजल और ट्रैक्टर के कलपुर्जों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण बुआई का किराया बढ़ाना पड़ा है। मशीनरी के रखरखाव और अन्य खर्चों में इजाफा होने के चलते अब किसानों से पिछले साल की तुलना में प्रति घंटा 100 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं। इससे उन किसानों का खर्च बढ़ गया है, जिन्हें अपने खेतों में ट्रैक्टर और बीज ड्रिल मशीन से बिजाई करवानी पड़ रही है। चौकी मन्यार निवासी किसान देवराज ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार गेहूं का बीज 6.25 रुपये प्रति किलोग्राम महंगा मिल रहा है। इसके अलावा खाद की एक बोरी के दाम में भी करीब 700 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि बीज, खाद और बुआई के खर्च में एक साथ बढ़ोतरी होने से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। खेती करना लगातार महंगा होता जा रहा है और किसानों के लिए फसल तैयार करने का खर्च जुटाना चुनौती बन रहा है। बैरियां निवासी किसान लक्की कुमार ने कहा कि ट्रैक्टर से बुआई, बीज और खाद सहित खेती से जुड़ी जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर, जब फसल बेचने की बारी आती है तो किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की ओर से गेहूं करीब 2,000 से 2,200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जाती है। ऐसे में खेती पर बढ़ते खर्च और फसल के अपेक्षाकृत कम दाम के बीच किसानों के लिए मुनाफा निकालना मुश्किल हो रहा है। कृषि प्रसार अधिकारी चंदन कुमार शर्मा ने किसानों को सलाह दी कि गेहूं की बिजाई से पहले खेतों में पर्याप्त नमी सुनिश्चित करें। बिजाई के समय खाद का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा और सही अनुपात में करें, ताकि फसल का उचित विकास हो सके और बेहतर पैदावार प्राप्त की जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें