बड़ूही (ऊना)। बड़ूही बाजार में सायंकाल के समय यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। चौक और बाजार क्षेत्र में बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े रहने के कारण रोजाना जाम की स्थिति पैदा हो रही है। शाम के समय वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क के किनारे और चौक के आसपास बिना किसी निर्धारित व्यवस्था के खड़ा कर देते हैं। इसके चलते सड़क का काफी हिस्सा पार्किंग में तब्दील हो जाता है और दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। परिणामस्वरूप कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं जाम के कारण राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।