मैड़ी। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर अम्ब पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने जब बुलेट सवार को जांच के लिए रोका तो मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे फोड़ने जैसी तेज आवाज निकल रही थी। साइलेंसर से निकल रही तेज आवाज के कारण आसपास के लोगों को भी परेशानी हो रही थी। जांच के दौरान मोटरसाइकिल की पिछली नंबर प्लेट भी गायब पाई गई। वहीं, चालक बाइक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके अलावा, मोटरसाइकिल का साइलेंसर भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इन अनियमितताओं के चलते पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ अम्ब विपिन कुमार ने बताया कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर और नंबर प्लेट लगानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी रखेगी।