उपमंडल बंगाणा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर का सोमवार को समापन हुआ। इस अवसर पर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार, एनएसएस प्रभारी सुनील कुमार और अन्य टीम सदस्यों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समारोह के दौरान देवेंद्र सिंह चौहान ने स्वयंसेवियों को नैतिक मूल्यों और शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। मुख्य अतिथि देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शिविर के सात दिनों के दौरान स्वयंसेवियों ने जो कुछ सीखा है, वह उनके भविष्य के जीवन में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने सीखने के साथ अपने अनुभवों और ज्ञान को दूसरों तक पहुंचाने के महत्व पर भी जोर दिया। समारोह के दौरान शिविर में बेहतर कार्य करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी सुनील कुमार ने शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों और किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने सात दिनों में स्वयंसेवियों की भागीदारी और गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में एनएसएस सह प्रभारी रंजना कुमारी, शास्त्री अध्यापिका मीना कुमारी, विद्यालय के अन्य कर्मचारी, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और अभिभावक भी मौजूद रहे।