फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना: त्योहारों के बाद काम पर लौटने लगे लोग, एचआरटीसी ने बद्दी-चंडीगढ़ के लिए चलाईं विशेष बसें

त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद अपने घरों में त्योहार मनाने पहुंचे लोगों की कर्मभूमि की ओर वापसी शुरू हो गई है। दीपावली और अन्य त्योहार परिवार के साथ बिताने के बाद बड़ी संख्या में लोग औद्योगिक क्षेत्रों और प्रदेश से बाहर स्थित अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं। इसके चलते ऊना जिला मुख्यालय सहित प्रमुख बस अड्डों और सड़क मार्गों पर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। ऊना और हरोली डिपो की ओर से बद्दी और चंडीगढ़ के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं, ताकि लोगों को बसों की कमी के कारण परेशानी न उठानी पड़े। एचआरटीसी ऊना के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब तक बद्दी के लिए छह और चंडीगढ़ के लिए चार विशेष बसें रवाना की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार बसों का संचालन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली, चंडीगढ़ और अंबाला सहित किसी भी रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तुरंत अतिरिक्त बस उपलब्ध करवाई जाएगी। भाई दूज और उसके अगले दिन भी यात्रियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए निगम ने विशेष प्रबंध किए हैं। यात्रियों की आवाजाही सामान्य होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी। त्योहारी सीजन के बाद लोगों की वापसी का असर ऊना शहर की सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण शहर में रुक-रुककर जाम लग रहे हैं। जिला मुख्यालय से गुजरने वाले चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर भी कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। एक ओर निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं सार्वजनिक परिवहन से सफर करने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए HRTC ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें