कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत ऊना में भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर और काली पट्टियां बांधकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस के आह्वान पर देशभर में काला दिन मनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रणाली में गड़बड़ी के माध्यम से देश के 13 करोड़ वोटों की चोरी की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह को सत्ता से हटने का संदेश दे रही है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन आज वोट, सरकारें और राजनीतिक संस्थाएं तक सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कांग्रेस डीसी और एसपी कार्यालय जाएगी।