उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली उपमंडल के लोअर भदसाली स्थित बाबा बोदल शाह मंदिर के दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। वे गुरुवार को बाबा बोदल शाह छिंज मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने बाबा बोदल शाह मंदिर के भवन, परिसर और हाल के निर्माण की सराहना की और इसके लिए मेला समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंदिर और मेले से जुड़े ऐसे आयोजन क्षेत्र की आस्था और सामाजिक परंपराओं से जुड़े हैं। बाबा बोदल शाह छिंज मेला लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के लिए आपसी मेलजोल का अवसर रहा है। उन्होंने कहा कि छिंज और मेले नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं से जोड़ते हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने दंगल के आयोजन के लिए अपनी पत्नी स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में एक लाख रुपये का चेक मेला समिति को भेंट किया। उन्होंने मेले के आयोजन के लिए समिति और स्थानीय लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरोली में विकास का लक्ष्य आज की जरूरतों को पूरा करने के साथ आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है। बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा, खेल और आगे बढ़ने के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। बाबा बोदल शाह छिंज मेला समिति के अध्यक्ष धर्मपाल और सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मेले के समापन समारोह में शामिल होने और दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एपीएमसी ऊना के अध्यक्ष शिव कुमार सैनी, हरोली एससी मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष जसपाल जस्सा, लोअर भदसाली पंचायत के प्रधान सूरम सिंह, अप्पर भदसाली की प्रधान सुषमा, एसडीएम विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला समिति के सदस्य और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।