बारिश और ठंड के बावजूद रामभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। जगदंबा रामलीला मंडल की ओर से रामलीला के मंचन के उपलक्ष्य में रविवार को सोलन शहर में भगवान गणपति और हनुमान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर का माहौल भक्तिमय हो गया और जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा माता चूली मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद चौक बाजार, गंज बाजार, अपर बाजार और मालरोड से होते हुए पुराना बस अड्डा तक पहुंची। इस दौरान भगवान के जयकारों से शहर गूंज उठा। मंडल के सदस्यों ने लोगों को रामलीला के मंचन में भाग लेने और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। मंडल के निर्देशक हरीश मरवाह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला का मंचन संपूर्ण रामायण पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि रामलीला में किसी भी तरह के फिल्मी गानों या धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत नृत्य को शामिल नहीं किया जाएगा। मंडल का प्रयास रहेगा कि दर्शकों को धार्मिक परंपराओं के अनुरूप रामलीला देखने को मिले। मंडल के प्रधान धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि रामलीला के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला देखने और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। शोभायात्रा में समाजसेवी एवं पूर्व व्यापार मंडल प्रधान मुकेश गुप्ता, निर्देशक हरीश मरवाह, प्रधान धर्मेंद्र ठाकुर, मंडल सचिव सुमित खन्ना, भूपेंद्र शर्मा, सचिन वर्मा, राजकुमार, मुकेश शर्मा और मनीष मरवाहा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। मंडल के अनुसार, गंज बाजार में आज से रात आठ बजे रामलीला का मंचन शुरू होगा।