शहर के मॉल रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क अब दिव्यांगों के लिए भी सुलभ हो गया है। एक्ट ह्यूमन फाउंडेशन ने पार्क को दिव्यांग-अनुकूल बनाया है। गुरुवार को नगर निगम सोलन के आयुक्त राजदीप सिंह और फाउंडेशन की संस्थापक हरलीन कौर ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। नई सुविधाओं के बाद व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाले दिव्यांगजन भी आसानी से पार्क में पहुंचकर घूम सकेंगे। वहीं, दृष्टिहीन लोगों के लिए भी विशेष रास्ता तैयार किया गया है, जिससे वे पार्क में आवाजाही कर सकेंगे। एक्ट ह्यूमन फाउंडेशन की संस्थापक हरलीन कौर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों और लोगों को भी आम लोगों की तरह पार्क में घूमने और खुशियां साझा करने का अवसर देना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी फाउंडेशन नगर निगम के साथ मिलकर विभिन्न परियोजनाओं पर काम करेगा। फाउंडेशन के हिमाचल प्रबंधक योगेश शर्मा ने बताया कि सोलन के बाल उद्यान के अलावा शिमला के रिज मैदान स्थित झांसी पार्क को भी दिव्यांग-अनुकूल बनाया जा चुका है। छोटा शिमला के ब्रॉक होस्ट में भी एक नया दिव्यांग-अनुकूल पार्क तैयार किया गया है। योगेश शर्मा के अनुसार, फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश के करीब दस जिलों में कृत्रिम अंगों को लेकर निशुल्क शिविर आयोजित कर चुका है। इन शिविरों से सैकड़ों दिव्यांग लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिमला और सोलन में करीब पांच स्कूलों के पुनर्निर्माण में भी सहयोग किया गया है। इसके अलावा नए भवनों के निर्माण में भी फाउंडेशन ने योगदान दिया है।