जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड ने शुक्रवार को नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी वित्तीय स्थिति और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस बैठक में ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। नाबार्ड के चीफ जनरल मैनेजर विवेक पठानिया बैंक के मुख्य कार्यालय सोलन पहुंचे। बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा और प्रबंध निदेशक पंकज सूद ने विवेक पठानिया का स्वागत किया। नाबार्ड के डीजीएम अशोक चौहान भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। मुकेश शर्मा ने नाबार्ड के अधिकारियों को बैंक की वर्तमान वित्तीय स्थिति और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। बैठक के दौरान बैंक की भावी योजनाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। सहकारी बैंकिंग व्यवस्था के विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैंक के समक्ष आ रही चुनौतियों और आवश्यक अनुपालनों को पूरा करने में पेश आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को भी प्रमुखता से रखा गया। विवेक पठानिया ने बैंक प्रबंधन द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना। उन्होंने बैंक की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए उचित सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।