नालागढ़-रामशहर मार्ग पर कुमारहट्टी में भूस्खलन के कारण बनी कृत्रिम झील के पानी की निकासी को लेकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के तमाम दावे केवल कागजी साबित हुए हैं। मंगलवार को भारी-भरकम तैयारियों के बीच शुरू हुआ था और स्थानीय विधायक भी मौके पर मौजूद थे लेकिन पानी की निकासी का कार्य महज औपचारिकता बनकर रह गया, जिससे खड्ड किनारे बसे दर्जनों गांवों पर खतरा अभी भी मंडरा रहा है। प्रशासन के निर्देशों पर गोल जमाला, रडियाली, राजपुरा, ढांग निहली, ढांग उपरली और प्लासी कलां समेत कई ग्राम पंचायतों को सतर्क किया गया था। पंचायतों को सूचित किया गया था कि कोइडी पंचायत में चिकनी खड्ड पर बनी इस झील का पानी मंगलवार दोपहर 2:00 बजे के बाद छोड़ा जाएगा। साथ ही मंदिरों और गुरुद्वारों के माध्यम से मुनादी करवाकर लोगों को खड्ड के आसपास नहीं जाने की सख्त हिदायत दी गई थी ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। लेकिन ये सारे एहतियाती दावे धरे के धरे रह गए।