जिला सिरमौर में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बीच नाहन विकास खंड के बर्मा पापड़ी में नदी के तेज बहाव के कारण दो लोग बीच में फंस गए। दोनों करीब चार घंटे से नदी के बीच फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण शाम करीब 7:30 बजे तक दोनों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए हेलिकॉप्टर मंगवाया। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित निकाला गया। जानकारी के अनुसार, बर्मा पापड़ी निवासी बनारसी दास पुत्र मुख्तयार सिंह मंगलवार को भैंस चराने के लिए नदी के समीप गया था। दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया। नदी के दोनों तरफ पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बीच में फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया। बनारसी दास को नदी के बीच फंसा देखकर एक अन्य व्यक्ति उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा, लेकिन वह भी तेज बहाव के कारण वापस नहीं आ सका। इसके बाद दोनों को सुरक्षित निकालने के लिए दो अन्य ग्रामीण नदी में गए। इस दौरान दोनों ग्रामीण तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हालांकि, दोनों के साथ रस्सी बंधी होने के कारण उन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इधर, नदी के बीच फंसे दोनों लोगों को निकालने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रयास किए, लेकिन बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान सफल नहीं हो पाया। प्रशासन ने अब दोनों लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद लेने का फैसला किया है।