नाहन। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय महाविद्यालय नाहन के पूर्व छात्र संघ की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को महाविद्यालय परिसर में गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन प्रो. डॉ. रविकांत ने किया। कार्यक्रम के दौरान 60 के करीब अध्यापकों को शॉल, सम्मान पत्र, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सोलंकी, उपाध्यक्ष संजय गोयल, महासचिव डॉ. अनूप, सह सचिव कैप्टन सलीम, मुख्य सलाहकार सुनील गौड़, प्रेस सचिव डॉ. आई.डी. राही मौजूद रहे।