फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: ऐतिहासिक रेणुका झील में शाही स्नान को उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के दौरान हरिप्रबोधिनी एकादशी पर शुक्रवार को ऐतिहासिक रेणुका झील में शाही स्नान के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। एकादशी पर होने वाले इस स्नान को रेणुका मेले का पहला शाही स्नान माना जाता है। स्नान के महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए चार गोताखोर तैनात किए गए थे। इससे पहले रेणुकाजी में मौजूद संत-महात्माओं ने ब्रह्ममुहूर्त में शाही स्नान कर परंपरा का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से पवित्र झील में आस्था की डुबकी लगाई। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को रेणुका झील में स्नान करने की परंपरा सदियों पुरानी है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र झील में स्नान करने से मोक्ष और मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने रेणुका झील की परिक्रमा की और भगवान परशुराम तथा मां रेणुका के मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर रेणुका तीर्थ के निर्वाण आश्रम और गायत्री आश्रम में विशाल भंडारे भी आयोजित किए गए। हरियाणा के रायपुर रानी से आए प्रगतिशील किसान महेंद्र पाल शर्मा ने परिवार के दर्जनों सदस्यों के साथ सन्यास आश्रम में चाय और पकौड़ों का लंगर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में इस बार भी श्रद्धालुओं को धूल-मिट्टी से राहत मिली है। ददाहू से रेणुकाजी तीर्थ तक सड़क पर टैंकर से बार-बार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। रेणुका माइन ओनर वेलफेयर एसोसिएशन ने मेला प्रशासन को एक टैंकर निशुल्क उपलब्ध करवाया है। रेणुका मेले में हरिप्रबोधिनी एकादशी पर शाही स्नान के दौरान स्नान घाट पर आस्था के दीप जगमगाते नजर आए। बाहरी राज्यों से आई महिला श्रद्धालुओं ने घाट पर सरसों, तिल के तेल और शुद्ध घी के दीपक जलाए। महिलाओं ने अपनी मनोकामना और श्रद्धा के अनुसार 11, 21, 31 और 51 सहित इससे अधिक दीपक एक साथ प्रज्वलित किए। घाट पर जलते दीपों की लंबी कतार ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में अनाज अर्पित करने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम है। ग्रामीण श्रद्धालु अपने घरों से पांच मुट्ठी यानी पंसेरी अनाज लेकर मेले में पहुंचते हैं। झील में शाही स्नान के बाद वे घाट के समीप निर्धारित स्थान पर यह अनाज अर्पित करते हैं। मान्यता है कि भगवान परशुराम में आस्था रखने वाले किसान अपनी फसल का पहला हिस्सा देवता को समर्पित करते हैं। गेहूं अक्षय तृतीया पर, जबकि मक्की रेणुका मेले के दौरान देवताओं को अर्पित की जाती है। इस बार मेला प्रशासन ने अनाज एकत्र करने के लिए विशेष ड्रम लगाए हैं, ताकि अनाज इधर-उधर बिखरकर पैरों तले न आए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें