राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैनवाला में आयोजित तीन दिवसीय शिल्प प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अयूब खान ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पादों का निरीक्षण किया और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय के अंतर्गत हस्तशिल्प सेवा केंद्र कुल्लू की ओर से 26 से 28 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को चार पारंपरिक हस्तशिल्प विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रधानाचार्य अयूब खान ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें पारंपरिक कला एवं संस्कृति से जोड़ती हैं।