डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के अंग्रेजी विभाग की ओर से साहित्यिक सोसाइटी के तत्वावधान में विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और जीवन-मूल्यों के निर्माण में साहित्य की भूमिका को रेखांकित करना रहा। इसमें महाविद्यालय के सभी संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य मनुष्य को जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने, संवेदनशील बनने और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। साहित्य के माध्यम से व्यक्ति अपनी सोच को व्यापक बना सकता है और समाज के प्रति अधिक संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने प्रसिद्ध कवि कुंवर नारायण की कविता ‘अंतिम ऊंचाई’ का पाठ किया। वहीं, डॉ. विवेक नेगी ने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को साहित्यिक रंग प्रदान किया और विद्यार्थियों को कविता तथा रचनात्मक लेखन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के तहत तात्कालिक भाषण, कविता पाठ और सुंदर लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी अभिव्यक्ति-कुशलता, कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की अरुषि ने प्रथम, तमन्ना ने द्वितीय और बीवॉक की सिमरन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की रिधिमा प्रथम, बीए प्रथम वर्ष के धीरज द्वितीय और बीएससी द्वितीय वर्ष की सान्वी सिंह भंडारी तृतीय स्थान पर रहीं। सुंदर लेखन प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की शांभवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीए प्रथम वर्ष के धीरज और बीए द्वितीय वर्ष की प्रीति शर्मा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, बीए प्रथम वर्ष की प्रिंजल पोजटा और गुंजन चौहान ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए डॉ. रविकांत, प्रो. नवदीप, प्रो. विनोद और प्रो. दीपा चौहान ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में डॉ. वीणा तोमर भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. विवेक नेगी, प्रो. दीपा चौहान और प्रो. विनोद नेगी के सहयोग से संपन्न हुआ। बीए प्रथम वर्ष की प्रियांजलि ने मंच संचालन किया। विद्यार्थी आर्यन कुमार, ध्रुव, प्रियांशु और साक्षी ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और साहित्य के महत्व को समझने का अवसर मिला। अंग्रेजी विभाग की इस पहल ने विद्यार्थियों में साहित्यिक अभिरुचि, आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया।