दीपावली पर्व को लेकर जिला मुख्यालय नाहन में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के चौगान मैदान में शुक्रवार को पटाखों की दुकानें सज गईं। प्रशासन ने नाहन शहर में पटाखों की बिक्री के लिए चौगान मैदान को अधिकृत स्थल के रूप में चिह्नित किया है। मैदान में दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार के पटाखे और आतिशबाजी का सामान बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया है। इस बार बाजार में ग्रीन पटाखे भी रखे गए हैं, जिससे लोगों को आतिशबाजी के लिए अलग विकल्प मिल रहा है। पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए चौगान मैदान में दमकल वाहन तैनात किया गया है। इसके अलावा दुकानदारों को अपनी दुकानों में रेत और पानी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी बनाए रखने की हिदायत भी दी गई है। प्रशासन ने जिले के विभिन्न स्थानों पर पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित किए हैं। इसी व्यवस्था के तहत नाहन शहर के लिए चौगान मैदान को अधिकृत बिक्री स्थल बनाया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजामों के साथ पटाखों की बिक्री सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।