फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन कॉलेज में शब्द उत्सव के साथ हिंदी दिवस का भव्य आयोजन

डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के हिंदी विभाग की ओर से सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर भव्य शब्द उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के सम्मान, विकास और वर्तमान महत्व पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान साहित्यिक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में प्रख्यात साहित्यकार गणेश गनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी चुनिंदा कविताओं का प्रभावशाली पाठ कर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और साहित्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने की। प्राचार्य डॉ. शुक्ला ने हिंदी दिवस पर विशेष व्याख्यान देते हुए राष्ट्र और समाज के विकास में हिंदी भाषा के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। शब्द उत्सव के दौरान विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि गणेश गनी के साथ डॉ. जय चंद ने भी अपनी कविताओं के माध्यम से साहित्यिक रंग बिखेरा। कार्यक्रम में उपस्थित प्रवक्ताओं और बुद्धिजीवियों ने हिंदी भाषा की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता और वैश्विक विस्तार पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर हिंदी के विकास और महत्व विषय पर सार्थक चर्चा भी आयोजित की गई। वक्ताओं ने हिंदी को नई पीढ़ी से जोड़ने, दैनिक जीवन में इसके अधिक प्रयोग और साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें