फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: डेढ़ महीने से बंद कौलांवाला भूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग, गुलरिया ढांग में पुल बनाने की उठी मांग

एक पहाड़ी दरकने से छह पंचायतों के हजारों लोगों का सड़क संपर्क टूट गया है। कौलांवाला भूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग पर गुलरिया ढांग में दशकों से चली आ रही भूस्खलन की समस्या इस बार भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। 8 अक्तूबर को बिना बारिश के हुए भारी भूस्खलन ने करीब 100 मीटर सड़क को मलबे में दबा दिया। डेढ़ महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद लोक निर्माण विभाग की लगातार कोशिशों के बाद भी मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। फिलहाल लोगों को नदी से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने अब अस्थायी सड़क बहाली के बजाय समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि गुलरिया ढांग में पुल का निर्माण किया जाए, ताकि पहाड़ी दरकने की स्थिति में भी उनका संपर्क पूरी तरह न टूटे। पंचायत प्रधान कोमल सहित स्थानीय निवासी बाबू राम, साहिल और हरदेव सिंह का कहना है कि गुलरिया ढांग का यह हिस्सा दशकों से भूस्खलन की समस्या से जूझ रहा है। हर साल पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण सड़क बंद हो जाती है। विभाग मशीनरी लगाकर मार्ग बहाल करता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति पैदा हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, इस बार 8 अक्तूबर को हुए भारी भूस्खलन ने सड़क के करीब 100 मीटर हिस्से को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद से लगातार मशीनरी लगाकर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है, लेकिन अभी तक सड़क यातायात के लिए नहीं खुल पाई है। लोगों का कहना है कि केवल मलबा हटाकर सड़क खोलना स्थायी समाधान नहीं है। जब तक इस संवेदनशील हिस्से का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक हर साल लोगों को इसी परेशानी से जूझना पड़ेगा। इसलिए यहां पुल निर्माण करवाया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क बंद होने के बाद नदी से होकर आवाजाही के लिए अस्थायी कच्चा रास्ता बनाया गया है। लोग इसी रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। हालांकि, यह व्यवस्था जोखिम भरी साबित हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान यदि सड़क बंद हो और इसी बीच बारिश शुरू हो जाए तो नदी का जलस्तर बढ़ने से मुश्किलें कई गुना बढ़ सकती हैं। ऐसे में नदी पार करते समय किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। सड़क बंद होने से क्षेत्र में बस सेवा भी ठप हो जाती है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, मरीजों और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। छह पंचायतों के हजारों लोगों को लंबा रास्ता अपनाने या नदी से होकर गुजरने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से गुलरिया ढांग की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए पुल निर्माण की योजना तैयार करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल सड़क बंद होने पर मशीनरी भेजना और मलबा हटाकर रास्ता खोलना केवल तात्कालिक राहत है। इससे न तो लोगों की परेशानी खत्म हो रही है और न ही सरकारी संसाधनों की बार-बार होने वाली खपत रुक रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पुल बनने से इस संवेदनशील हिस्से में भूस्खलन के कारण बार-बार सड़क संपर्क टूटने की समस्या से राहत मिल सकती है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा ने बताया कि गुलरिया ढांग में सड़क बहाली के लिए मशीनरी लगाई गई है। लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए नदी से होकर अस्थायी कच्ची सड़क भी तैयार की गई है। विभाग की ओर से मार्ग को बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें