हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रवक्ता पद पर पदोन्नत होने पर डॉ. सूर्या बोरस ने शीर्ष केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित अपने राजनीतिक मेंटर का आभार व्यक्त किया है। बोरस ने कहा कि वह इस नई जिम्मेदारी के लिए राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री व अपने राजनीतिक मेंटर जगत सिंह नेगी के विशेष रूप से आभारी हैं। उन्होंने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और पार्टी के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया है। अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वह लगभग 15-16 वर्षों तक जिला में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी और पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश नेगी के साथ काम किया। इसके अलावा, प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं जैसे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह, विद्या स्टोक्स, प्रतिभा सिंह, कुलदीप राठौर और विप्लव ठाकुर के कार्यकाल के दौरान भी उन्हें संगठन में काम करने का अनुभव प्राप्त हुआ। डॉ. बोरस ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी के मार्गदर्शन में उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। इससे पहले भी उन्हें प्रदेश कांग्रेस में मीडिया पैनलिस्ट की भूमिका निभाने के साथ सरकार में जनजातीय सलाहकार परिषद से लेकर वूल फेडरेशन में निदेशक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला था। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।