क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ की रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक बुधवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने की। इसमें अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद मंत्री जगत सिंह नेगी, उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा सहित विभागीय अधिकारियों ने अस्पताल में चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपये का बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। अध्यक्ष ने प्रयोगशाला सामग्री मद में 10 लाख रुपये की कटौती के निर्देश दिए। इसके बाद शेष प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। समिति ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1 करोड़ 41 लाख रुपये और 2025-26 में 1 करोड़ 39 लाख रुपये खर्च किए थे। जगत सिंह नेगी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा और सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल में पुराने और नए भवन को जोड़ने का कार्य पूरा हुआ है। आईपी कैमरे लगाए गए हैं। मरीजों के लिए प्रतीक्षा क्षेत्र भी बनाया गया है। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण के लिए विद्युत लाइनों को स्थानांतरित किया गया। क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, प्रयोगशाला का उन्नयन और ऑपरेशन थिएटर की मरम्मत जैसे कार्य प्रगति पर हैं।