फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

11 से 14 नवंबर तक सजेगा अंतरराष्ट्रीय लवी मेला, रामपुर में लागू होगा विशेष ट्रैफिक प्लान

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इस संबंध में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने यातायात योजना, पार्किंग व्यवस्था और जाम की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि लवी मेले के दौरान शिमला की ओर से आने वाले बड़े वाहन वाया वजीर बावड़ी होकर झाकड़ी की ओर जाएंगे। वहीं, किन्नौर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों की आवाजाही झाकड़ी से चाटी और वजीर बावड़ी होकर होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य रामपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम करना है। बैठक में ब्रौ, चाटी और जगातखाना पंचायतों में लगने वाले जाम के साथ धूल उड़ने की समस्या पर भी चर्चा की गई। इन क्षेत्रों में लोगों को पेश आ रही परेशानियों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की रूपरेखा तैयार की गई। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात किए जाएंगे। बैठक में 11 से 14 नवंबर तक मिनी सचिवालय से ब्रौ सड़क पर केवल दोपहिया वाहनों की आवाजाही रखने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी से बचाना है। इसके अलावा सतलुज कैफे से ब्रौ पुल को जोड़ने वाली नवनिर्मित सड़क पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया। मेले में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को वाहन पार्क करने में परेशानी न हो, इसके लिए उपयुक्त पार्किंग स्थलों के चयन पर भी अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। प्रशासन का प्रयास है कि मेले के दौरान बाजार और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे। बैठक में एसडीएम निरमंड जगदीप सिंह राठौर, तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा, सहायक अभियंता अमित गौतम, जल शक्ति विभाग रामपुर के सहायक अभियंता बीरबल मोदी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिनेश और तरुण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें