भारतीय पूर्व सैनिक लीग सराज की ओर से शनिवार को बलिदानी सिपाही यश कुमार की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यश कुमार का स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्योलीधार में स्थित है। पूर्व सैनिक लीग सराज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्मारक स्थल पर पहुंचकर बलिदानी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संदीप कुमार, समस्त अध्यापक वर्ग तथा स्कूल के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक लीग सराज के अध्यक्ष कैप्टन श्याम सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। कैप्टन श्याम सिंह ने कहा कि सेना एक अनुशासित संस्था है और अनुशासन व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूर्व सैनिक लीग सराज ने बलिदानी यश कुमार के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश के वीर जवानों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।