पंडोह में सोमवार सुबह सड़क किनारे नाली में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब सात बजे शव को नाली में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला नाली में गिरने का लग रहा था। घटनास्थल के सामने स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर व्यक्ति ऊपर की ओर से गिरकर सड़क किनारे नाली में जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस अब फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। इसी दौरान क्षेत्र में भारी बारिश भी हुई थी। बारिश के कारण सड़क किनारे नाली के आसपास पानी भर गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि गिरने के बाद व्यक्ति पानी में डूब गया हो या किसी अन्य वजह से उसकी मौत हुई हो। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस ने मृतक की पहचान तारा चंद पुत्र स्वर्गीय जिंदू राम, निवासी अपर पंडोह, डाकघर पंडोह के रूप में की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।