प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से उपमंडल सुंदरनगर में खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान के अंतर्गत आठ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर, 2026 कर दी गई है। इच्छुक खिलाड़ी https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतिभागी एक से अधिक खेलों में भी हिस्सा ले सकेंगे।