फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: डीसी मंडी अपूर्व देवगन बोले- चुनौतियों से लड़कर ही मिलेगा जीवन का लक्ष्य, बच्चों के तनाव को समझें अभिभावक

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरी बंगलो में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रवृत्ति, एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उपायुक्त ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। लक्ष्य की ओर बढ़ते समय तनाव से बचना और वर्तमान में खुशियां तलाशना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे केवल पुरस्कार पाने के लिए नहीं, बल्कि अपने विकास और लक्ष्य को हासिल करने के लिए काम करें। अपूर्व देवगन ने कहा कि आज का समय तेजी से बदल रहा है और जीवन में कई तरह की चुनौतियां आती हैं। इनका सामना करने में शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का तनाव कम करने और मुश्किल परिस्थितियों में उनका साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चों से लगातार बातचीत करें और उनकी बात ध्यान से सुनें। बच्चों से दूरी बनाए रखने पर वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। इसलिए परिवार को बच्चों के साथ संवाद और भरोसे का रिश्ता बनाए रखना चाहिए। उपायुक्त ने कविता के माध्यम से भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'नशा ही करना है तो अपने सपनों का करो, नशा ही करना है तो किताबों का करो, पल भर की खुशी के लिए अपना कल क्यों बर्बाद करते हो।' उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से 'अपना विद्यालय' मुहिम शुरू की गई है। इसके तहत जिला के 485 स्कूलों को विभिन्न अधिकारियों ने गोद लिया है। अधिकारी समय-समय पर इन स्कूलों का दौरा कर उनके विकास और समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि करसोग में वर्ष 2018 में 'अपना पुस्तकालय' की शुरुआत की गई थी। सभी के सहयोग से यह पहल आगे बढ़ रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्राम पंचायतों में भी अपना पुस्तकालय शुरू करने में सहयोग देने की अपील की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला में अब तक 50 ग्राम पंचायतों में अपना पुस्तकालय अधिसूचित किए जा चुके हैं, जिनमें से 18 पुस्तकालय शुरू हो चुके हैं। उन्होंने पंचायतों से पुस्तकालय के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने 'एक दिन का डीसी' मुहिम शुरू की है। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को उपायुक्त पद की जिम्मेदारियों और गरिमा से परिचित करवाना है, ताकि उन्हें प्रशासनिक कामकाज का अनुभव मिल सके। उन्होंने एसडीएम, बीडीओ और डीएसपी से भी इस मुहिम में शामिल होने का आह्वान किया, जिससे विद्यार्थियों को अलग-अलग प्रशासनिक पदों को समझने का अवसर मिले। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। स्कूल के प्रधानाचार्य यादेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर एसडीएम करसोग अलीशा चौहान, स्थानीय पंचायत प्रधान, एसएमसी प्रधान, स्कूल के प्राध्यापक एवं अध्यापक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें