देश के विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से महाविद्यालय कुल्लू में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर युवा संसद में युवाओं ने अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास में युवाओं की भूमिका को सामने रखा। जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि जिला स्तर की प्रतियोगिता से तीन युवाओं का चयन किया जाएगा। यह प्रतिभागी शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल्लू का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर भी तीन युवाओं का चयन होगा। उन्हें जनवरी में दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर से पहुंचे युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के विचारों और सुझावों को महत्व देना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार चाहती है कि युवा देश को विकसित और समृद्ध बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके लिए आने वाले दिनों में भी युवाओं के बीच विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।