शिक्षा खंड आनी की अंडर-14 छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। यह आयोजन कुंगश खेल मैदान में विधिवत रूप से किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 18 स्कूलों की करीब 180 छात्राएं भाग ले रही हैं। वे विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपना खेल कौशल दिखाएंगी। शुभारंभ अवसर पर सभी स्कूलों से पहुंची छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुंगश ने पहला स्थान प्राप्त किया। इन खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन और योग जैसी स्पर्धाएं शामिल हैं। बार एसोसिएशन आनी के अध्यक्ष सुनील मियां ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। प्रधानाचार्य प्रबोध ठाकुर ने सभी शिक्षकों और छात्राओं का स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मियां ने छात्राओं को साइबर अपराध और नशे से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 21 हजार रुपये की राशि भेंट की।