सर्दी की आहट के बीच हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। रविवार सुबह से कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मौसम खराब बना रहा और आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद रोहतांग और शिंकुला दर्रे सहित ऊंची पहाड़ियों पर रुक-रुककर बर्फ के फाहे गिरते रहे। बर्फबारी के चलते दारचा-शिंकुला मार्ग को दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। वहीं, कुल्लू और मनाली में बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से कुल्लू से लेकर लाहौल-स्पीति तक तापमान में गिरावट महसूस की गई और ठंड बढ़ गई। उधर, बारिश के कारण लारजी-सैंज मार्ग पर पागलनाला में मलबा आ गया, जिससे सड़क पर यातायात घंटों तक बाधित रहा। मौसम के बदले मिजाज का असर पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही पर भी पड़ा।