किसानों और बागवानों की कर्ज माफी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। जिला कुल्लू में किसान-बागवान एकता मंच के बैनर तले किसानों और बागवानों ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण माफी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार से खेती-बागवानी से जुड़े लोगों को कर्ज के बोझ से राहत देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान किसानों और बागवानों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि खेती और बागवानी से जुड़े लोगों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए कर्ज माफी जरूरी है। मंच ने सरकार से मांग की कि छोटे और मध्यम किसानों तथा बागवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए केसीसी ऋण माफी के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि उन्हें आर्थिक बोझ से राहत मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसान और बागवान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से किसानों और बागवानों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। प्रदर्शन में पदम प्रभाकर, महेंद्र राणा और करण बोध सहित अलग-अलग संगठनों और विचारधाराओं से जुड़े लोग शामिल हुए।