सुल्तानपुर स्थित भगवान रघुनाथ के मंदिर में गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक परंपराओं और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिनभर भगवान रघुनाथ के दर्शन करने के लिए भक्तों की आवाजाही लगी रही। गोवर्धन पूजा के अवसर पर सबसे पहले भगवान रघुनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान को परंपरा के अनुसार स्नान करवाया गया और आकर्षक श्रृंगार किया गया। सभी धार्मिक विधियां पूरी होने के बाद भगवान रघुनाथ को गर्भगृह से बाहर लाया गया। इसके बाद मंदिर परिसर के दूसरे हिस्से में सजाए गए अनाज के ढेर पर भगवान को विराजमान करवाया गया। इस दौरान गोवर्धन पूजा से जुड़ी पारंपरिक रस्मों का निर्वहन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भक्तों ने भगवान रघुनाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।