मनाली। दीपावली के त्योहार को लेकर मनाली का बाजार सज गया है। बाजार में मिठाई, सजावट और त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही से बाजार में रौनक बढ़ गई है। दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए नगर परिषद मनाली ने व्यापारियों के साथ बैठक कर दुकानों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए हैं। नगर परिषद के निर्णय के अनुसार बस स्टैंड गेट से ऑटो स्टैंड तक मिठाई की दुकानें लगाई गई हैं। वहीं, टैक्सी यूनियन कार्यालय से मॉल रोड के अंतिम छोर तक सजावट के सामान की दुकानें लगाई गई हैं। पटाखों की बिक्री के लिए केवल रामबाग में स्थान निर्धारित किया गया है। मंदिर वाली गली में पटाखों और सजावट के सामान की दुकानें लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा बस स्टैंड की बाउंड्री के साथ भी दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी।