फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: भीमराव के जयकारों से गूंजा जोरावर स्टेडियम, विधानसभा कूच पर पुलिस ने रोका रास्ता

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति विकास निधि कानून बनाने की मांग को लेकर शुक्रवार को जोरावर स्टेडियम में एससी-एसटी समुदाय के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जयकारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। प्रदर्शन के बाद जब समुदाय के लोग अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर कूच करने लगे तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस ने मौके पर भारी बैरिकेडिंग कर दी और बैरिकेडिंग का गेट बंद कर प्रदर्शनकारियों का रास्ता रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर उन्हें जबरन हिरासत में लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया है। इसके लिए उन्होंने कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। वहीं, पुलिस ने एहतियात के तौर पर प्रदर्शन स्थल और विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी, ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति विकास निधि के लिए अलग कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि इन वर्गों के लिए निर्धारित बजट का पारदर्शी और प्रभावी तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित हो सके। इसी मांग को लेकर मार्च 2023 में राज्य स्तरीय परामर्श किया गया था और कानून बनाने की पैरवी के लिए स्टेट कोलेशन फॉर लेजिसलेशन ऑफ शेड्यूल्ड कास्ट-शेड्यूल्ड ट्राइब्स सब प्लान का गठन किया गया था। इस राज्य स्तरीय गठबंधन में हिमाचल प्रदेश श्री गुरु रविदास महासभा, हिमाचल प्रदेश कोली समाज, संत कबीर पंथ समाज सुधार सभा, महर्षि वाल्मीकि सभा, हिमाचल प्रदेश विश्वकर्मा सभा, ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा, अंबेडकर मिशन, दलित शोषण मुक्ति मंच, हिमालयन गद्दी यूनियन, भीम आर्मी भारत एकता मिशन, बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी सहित प्रदेश के विभिन्न सामाजिक और अधिकार संगठनों के प्रतिनिधि जुड़े हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी गठबंधन का हिस्सा हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें