फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: चार कनाल जमीन पर जैविक खेती से आत्मनिर्भर बनीं मनु बाला, हर महीने कमा रहीं 20 से 70 हजार रुपये

खेती को केवल पुरुषों का काम समझने वाली सोच को पीछे छोड़ते हुए कांगड़ा जिले के पठियार निवासी 38 वर्षीय मनु बाला आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। महज चार कनाल जमीन पर जैविक खेती करके वह हर महीने 20 हजार से 70 हजार रुपये तक की कमाई कर रही हैं। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने खेती को परिवार की आमदनी का बेहतर साधन बना दिया है। मनु बाला ने करीब तीन साल पहले अपने ससुर जगदीप चंद के सहयोग से जैविक खेती की शुरुआत की थी। शुरुआत में यह एक छोटा-सा प्रयास था, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने इसे व्यवस्थित काम का रूप दे दिया। आज वह खेतों में फूलों और मौसमी सब्जियों की खेती करने के साथ ग्रीनहाउस में विभिन्न किस्मों के पौधों की नर्सरी भी तैयार कर रही हैं। मनु बाला की मेहनत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में उन्होंने गोभी के करीब चार हजार पौधे बेचकर लगभग 40 हजार रुपये की कमाई की है। जैविक तरीके से तैयार पौधों और कृषि उत्पादों की मांग से उनका काम लगातार आगे बढ़ रहा है। वह खेत में उगाई गई सब्जियों और मसालों से अपने परिवार की जरूरतें भी पूरी कर रही हैं। इससे परिवार को घरेलू उपयोग के लिए ताजा उत्पाद मिल रहे हैं और खेती से अतिरिक्त आमदनी भी हो रही है। मनु बाला की मेहनत और अनुभव को देखते हुए कृषि विभाग ने उन्हें कृषि सखी की जिम्मेदारी सौंपी है। अब वह कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अन्य महिलाओं को जैविक खेती के तरीके और बारीकियां सिखा रही हैं। उनका मानना है कि महिलाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ अपने हुनर को पहचानने, अवसर तलाशने और शुरुआत करने की है। मनु बाला की यह पहल दिखाती है कि सीमित जमीन और मेहनत के दम पर भी खेती को रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें