बड़ा (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के बड़ा कस्बे में श्रीराम क्लब की ओर से आयोजित रामलीला के चौथे दिन सीता स्वयंवर के बाद भगवान श्रीराम और माता सीता सहित चारों भाइयों के विवाह का मंचन किया गया। विवाह की रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निभाई गईं। बरात के आगमन से लेकर विवाह और माता सीता की विदाई तक के दृश्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। माता सीता की विदाई का दृश्य देखकर कई दर्शक भावुक हो गए। इस दौरान प्रस्तुत संगीत ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दर्शकों की उपस्थिति और सहयोग के लिए क्लब के सचिव सुखदेव पटियाल ने आभार जताया।