हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला हमीरपुर की आम सभा रविवार को राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान लेक्चरर्स की विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव ठाकुर और जिलाध्यक्ष गौतम सिंह राणा ने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र लेक्चरर्स को जल्द पदोन्नति का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने प्रधानाचार्य पदोन्नति सूची जल्द जारी करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते और एरियर का भुगतान शीघ्र करने की मांग की गई। बैठक में सरकारी लेक्चरर्स के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कैशलेस इंश्योरेंस की व्यवस्था जरूरी है। इससे कर्मचारियों को इलाज के दौरान आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों से राहत मिल सकती है। आम सभा में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई गई। संघ ने बोर्ड की ओर से पंजीकरण, रिचेकिंग और पुनर्मूल्यांकन शुल्क में की गई बढ़ोतरी का विरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि फीस में अत्यधिक वृद्धि से विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। संघ ने मांग की कि विद्यार्थियों पर आर्थिक भार कम किया जाए और पंजीकरण शुल्क को उचित स्तर पर रखा जाए। इसके अलावा विद्यार्थियों को समय पर मूल प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के संचालन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन से जुड़े भुगतान को भी जल्द जारी करने की मांग की गई। संघ प्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों से संबंधित जायज मांगों को सरकार तथा शिक्षा विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा और संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा।