फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर बस अड्डे का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने की मांग, परिसर में प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव

हमीरपुर के नए बस अड्डे के नामकरण को लेकर राजपूत कल्याण सभा ने प्रदेश सरकार के समक्ष मांग उठाई है। सभा ने नए बस अड्डे का नामकरण वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के नाम पर करने की मांग करते हुए कहा है कि इसके उद्घाटन से पहले सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाए। इसके साथ ही बस अड्डा परिसर में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का भी आग्रह किया गया है। मीडिया को जारी बयान में राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष जोगिंद्र, महासचिव अजय, कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र भारद्वाज, रवीकरण ठाकुर और सूबेदार जीत ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि नए बस अड्डे का नामकरण महाराणा प्रताप के नाम पर किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि उद्घाटन से पहले इस संबंध में जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएं। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मांग को लेकर 15 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपा गया था। सभा के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए सचिव, परिवहन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। इस संबंध में जारी पत्र भी राजपूत कल्याण सभा को प्राप्त हुआ है। सभा ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि नए बस अड्डे के उद्घाटन से पहले नामकरण को लेकर आधिकारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी और परिसर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर भी निर्णय लिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें